MENU

Chapter 1 दो बैलों की कथा Solutions

Question - 1 : - कांजीहौस में कैद पशुओं की हाज़िरी क्यों ली जाती होगी? 

Answer - 1 : -

कांजीहौस में कैद पशुओं की हाजिरी इसलिए ली जाती होगी ताकि यह देखा जा सके कि-

  1. कोई पशु भाग तो नहीं गया।
  2. कोई पशु बीमार तो नहीं है।
  3. कोई पशु बाड़े की दीवार को नुकसान तो नहीं पहुँचा रहा है।
  4. नीलामी भर के लिए पेश हो गए हैं या नहीं।

Question - 2 : -
छोटी बच्ची को बैलों के प्रति प्रेम क्यों उमड़ आया? [Imp.][CBSE]

Answer - 2 : -

छोटी बच्ची का बैलों के प्रति प्रेम उमड़ने के निम्नलिखित कारण हैं 
  1. छोटी बच्ची को उसकी सौतेली माँ सताती थी, यहाँ गया हीरा-मोती पर अत्याचार कर रहा था।
  2. छोटी बच्ची की माँ मर चुकी थी। उसे अपनों से बिछड़ने के दुख का ज्ञान था।
  3. छोटी बच्ची माँ के मरने को अपना दुर्भाग्य मानती थी। वह हीरा-मोती को। उनका घर छूटने के कारण उन्हें अपने जैसा ही अभागा समझती थी।
  4.  छोटी बच्ची छल-प्रपंच से अभी दूर थी। उसका निश्छल मन हीरा-मोती पर होते अत्याचार को देख कर द्रवित हो गया, और प्रेम उमड़ आया।

Question - 3 : -
कहानी में बैलों के माध्यम से कौन-कौन से नीति-विषयक मूल्य उभर कर आए हैं? [Imp.]

Answer - 3 : -

कहानी में बैलों के माध्यम से अनेक नीति विषयक मूल्य उभरकर सामने आए हैं-

  1. किसी व्यक्ति को अत्यधिक सीधेपन और सहनशीलता के कारण बेवकूफ़ नहीं समझना चाहिए।
  2. मनुष्य हो या पशु उन्हें अपने धर्म और कर्तव्य का पालन करना चाहिए।
  3. मित्र को संकट में छोड़कर नहीं जाना चाहिए।
  4. संगठन में शक्ति है। संगठित होकर बड़ी से बड़ी समस्या को हल किया जा सकता है।
  5. पराजित दुश्मन के प्रति सदयता दिखानी चाहिए।
  6. औरतों का सम्मान करना चाहिए।
  7. अधिकाधिक भलाई करते रहना चाहिए।

Question - 4 : -  प्रस्तुत कहानी में प्रेमचंद ने गधे की किन स्वभावगत विशेषताओं के आधार पर उसके प्रति रूढ़ अर्थ ‘मूर्ख’ का प्रयोग न कर किस नए अर्थ की ओर संकेत किया है?

Answer - 4 : -

गधे को उसके स्वभाव के आधार पर मूर्खता का पर्याय समझा जाता है, पर लेखक प्रेमचंद ने उसकी स्वाभाविक विशेषताओं, सरलता और सहनशीलता के आधार पर एक नए अर्थ की ओर हमारा ध्यान खींचा है। गधे में निहित गुणों के आधार पर लेखक ने उसकी तुलना ऋषि-मुनियों से की है। सुख-दुख, लाभ-हानि तथा विपरीत परिस्थितियों में एक जैसा बने रहने के गुण के कारण लेखक ने उसके सरल और सहनशील होने की ओर संकेत किया है।

Question - 5 : -
किन घटनाओं से पता चलता है कि हीरा और मोती में गहरी दोस्ती थी? [CBSE]

Answer - 5 : -

हीरा-मोती में गहरी मित्रता थी, यह एक नहीं अनेक-घटनाओं से पता चलता हैं, जैसे-

  1. दोनों एक साथ नाद में मुँह डालते, एक साथ हटाते।
  2. दोनों सायंकाल एक-दूसरे को चाट-चूटकर थकान मिटाते थे।
  3. दानों के विचार परस्पर मिलते थे।
  4. काम के समय दोनों एक-दूसरे का बोझ अपने कंधों पर लेने की कोशिश में रहते थे।
  5. किसी आकस्मिक संकट का दोनों मिल-जुलकर मुकाबला करते थे।
  6. दोनों में कोई भी किसी दूसरे को संकट में छोड़कर नहीं जाता था।
  7. दोनों एक-दूसरे के साथ जीना-मरना चाहते थे।

Question - 6 : - लेकिन औरत जात पर सींग चलाना मना है, यह भूल जाते हो।’-हीरा के इस कथन के माध्यम से स्त्री के प्रति प्रेमचंद के दृष्टिकोण को स्पष्ट कीजिए। 

Answer - 6 : -

हीरा के कथन से लेखक का दृष्टिकोण ज्ञात होता है कि उस समय समाज में स्त्रियों की स्थिति अच्छी नहीं थी। वे पुरुषों द्वारा शोषित थीं। सामाजिक नियमों के अनुसार स्त्रियों को शारीरिक दंड देना अनुचित है। लेखक स्त्रियों की प्रताड़ना का विरोधी है। वह नारियों के सम्मान का पक्षधर है। वह स्त्रियों तथा पुरुषों की समानता का पक्षधर है।

Question - 7 : -
किसान जीवन वाले समाज में पशु और मनुष्य के आपसी संबंधों को कहानी में किस तरह व्यक्त किया गया है? [Imp.]

Answer - 7 : -

‘दो बैलों की कथा’ नामक इस कहानी में लेखक ने किसान जीवने वाले समाज में पशु और मनुष्य के आपसी संबंधों को भावनात्मक और आत्मीय रूप में दिखाया है। झूरी किसान है। वह अपने दोनों बैलों हीरा-मोती से विशेष लगाव एवं स्नेह रखता है। वह उनके चारे-पानी का ध्यान रखता है। वह उन्हें अपमानित यो दंडित नहीं करता है। गया के घर से भाग कर आने पर वह उन्हें गले लगा लेता है।

इधर गया के साथ जा रहे बैलों के मन में भी भ्रम उत्पन्न हो जाता है कि उन्हें बेच दिया गया है। वे हर मुसीबत का सामना करते हुए भी गया के घर आने को उत्सुक रहते हैं। बैलों पर एक ओर गया जहाँ अत्याचार करता है, वही दूसरी ओर छोटी बालिका उन्हें रोटियाँ खिलाकर उनसे स्नेह करती है और भावी संकट के प्रति उन्हें सचेत करती हुई उनकी रस्सियाँ खोल देती है। इसी तरह कांजीहौस में नीलाम होने के बाद जब हीरा-मोती घर लौटते हैं तो झूरी ही नहीं उसकी पत्नी भी बैलों को माथा चूम लेती है। उनके आने से सबसे अधिक खुशी बच्चों को होती है जिससे बैलों के प्रति उनके भावनात्मक एवं आत्मीय लगाव प्रकट होता है।

Question - 8 : - इतना तो हो ही गया कि नौ दस प्राणियों की जान बच गई। वे सब तो आशीर्वाद देंगे’-मोती के इस कथन के आलोक में उसकी विशेषताएँ बताइए। 

Answer - 8 : -

मोती के उक्त कथन के आलोक में उसकी निम्नलिखित विशेषताएँ प्रकट होती हैं

  1. मोती स्वभाव से उग्र जरूर है पर दयालु भी है।
  2. मोती का स्वभाव परोपकारी है। वह कांजीहौस में बंद जानवरों की जान बचाता है।
  3.  मोती सच्चा मित्र है। वह मुसीबत के समय हीरा का साथ नहीं छोड़ता है।
  4.  मोती अत्याचार का विरोधी है। वह कांजीहौस की दीवार तोड़कर अत्याचार का विरोध करता है।
  5. मोती साहसी है। वह हीरा की मदद से साँड़ को पराजित करता है।

Question - 9 : -
आशय स्पष्ट कीजिए
(क) अवश्य ही उनमें कोई ऐसी गुप्त शक्ति थी, जिससे जीवों में श्रेष्ठता की दावा करने वाला मनुष्य वंचित है।
(ख) उस एक रोटी से उनकी भूख तो क्या शांत होती; पर दोनों के हृदय को मानो भोजन मिल गया। [CBSE]

Answer - 9 : -

(क) इस कथन के माध्यम से लेखक यह कहना चाहता है कि हीरा और मोती अपने विचारों का आदान-प्रदान मूक भाषा में कर लेते थे। वे एक-दूसरे के मन की बातें जान समझ लेते थे। यही उनकी पक्की दोस्ती का आधार था। वे मूक भाषा में सलाह कर बड़े से बड़े संकट का हल खोज लेते थे। मनुष्य जो सभी जीवों में स्वयं को श्रेष्ठ मानता है। उसके पास यह शक्ति नहीं है। इस मामले में वह पशुओं से हीन है।

(ख) हीरा-मोती ऊँची कद काठी वाले बैल थे। उन्हें पर्याप्त चारे के रूप में भोजन की जरूरत थी। वे गया द्वारा दिया गया सूखा भूसा नहीं खाते थे। ऐसे में नन्हीं बालिका द्वारा खिलाई गई एक रोटी से उनकी उदर पूर्ति कैसे होती, पर प्रेम से उन्हें आत्म संतुष्टि अवश्य होती। इस संतुष्टि के भाव से ही वे प्रसन्न हो उठते थे।

Question - 10 : -
गया ने हीरा-मोती को दोनों बार सूखा भूसा खाने के लिए दिया क्योंकि
(क) गया पराये बैलों पर अधिक खर्च नहीं करना चाहता था।
(ख) गरीबी के कारण खली आदि खरीदना उसके बस की बात न थी।
(ग) वह हीरा-मोती के व्यवहार से बहुत दु:खी था।
(घ) उसे खली आदि सामग्री को जानकारी न थी।
(सही उत्तर के आगे (✓) का निशान लगाइए।)

Answer - 10 : -

(ग) वह हीरा-मोती के व्यवहार से बहुत दुखी था।

Free - Previous Years Question Papers
Any questions? Ask us!
×